पच्चीस के चक्कर में गंवाए दो लाख

नूरपुर (कांगड़ा)। पच्चीस लाख की इनामी राशि हासिल करने के चक्कर में शहर की एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। शहर के वार्ड नंबर 4 की बृज बाला ने अपनी लिखित शिकायत में लाटरी का झांसा देकर 2 लाख 8 हजार रुपये एेंठने वाले शातिर ठगों से अपनी गाढ़ी कमाई वापस लौटने की गुहार लगाई है।
शिकायतकर्ता बृज बाला के मुताबिक 10 जून को दोपहर करीब 12:35 बजे उसके मोबाइल नंबर 9882154244 पर किसी अनजान नंबर (92304712179) से फोन आया कि आइडिया मोबाइल के कौन बनेगा करोड़पति के सीरियल में मैसेज कांटेस्ट जीतने पर आपका 25 लाख रुपये का इनाम निकला है। उक्त राशि को प्राप्त करने के लिए उसे टैक्स के तौर पर कुछ पैसों का भुगतान करना पड़ेगा। यह सुनकर उसकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा और उसने भी किसी को पूछे बिना उनके द्वारा बताए गए अलग-अलग बैंक खातों में अलग-अलग तिथियों को करीब 2 लाख 8 हजार रुपये की राशि जमा करवा दी। जब उसे इनाम का पैसा नहीं मिला तो उसने दो दिन पहले उसी मोबाइल नंबर (923047112179) पर मिस कॉल दी तो उसे वापस उस नंबर से फोन आया। फोन पर बात करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम राजेश बालाजी बताया और उसने कहा कि वह न्यू दिल्ली आइडिया मोबाइल कंपनी का मैनेजर बोल रहा है। इनामी राशि के बारे पूछने पर उक्त व्यक्ति ने किसी प्रेम सिंघानिया नाम के व्यक्ति से फोन पर बात करवाई। उसका मोबाइल नंबर 00923346684619 था और उस व्यक्ति ने खुद को आइडिया मोबाइल कंपनी का डायरेक्टर बताया।
अगले दिन 19 जून को एक बार फिर से 923047112179 से फोन आया और उसे 14 हजार रुपये की राशि जमा करवाने को कहा गया। जब उसने अपने देवर से उक्त व्यक्ति की बात करवानी चाही तो उसने फोन काट दिया और बार-बार फोन करने पर किसी ने जवाब नहीं दिया। तब उसका माथा ठनका, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। डीएसपी राजीव अत्री ने बताया कि धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कब किसके नाम हुई ट्रांजक्शन
दिनांक खाता संख्या राशि नाम बैंक का नाम
11/6/13 31274620679 16000 अरुण कुमार एसबीआई
11/6/13 31233158916 25000 रूबी कुमारी एसबीआई
12/6/13 32218072018 20000 भोला राम एसबीआई
13/6/13 6560000100068367 10000 राम आनंद पीएनबी
15/6/13 30193492951 20000 अमित पांडे एसबीआई
15/6/13 63057390552 10000 कुलदीप कुमार एसबीआई
16/6/13 1159108022027 35000 अमित कुमार केनरा
18/6/13 1159108024937 40000 नंदन शर्मा केनरा
18/6/13 32565013180 22000 विक्रम कुमार एसबीआई
18/6/13 31603519782 10000 प्रणय कुमार एसबीआई

लॉटरी फ्राड से बचें, सतर्क रहें : चावला
एडिशनल एसपी जिला कांगड़ा मोहित चावला ने लोगों से मोबाइल और ईमेल के जरिए लॉटरी फ्राड से बचने के प्रति आगाह किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस बाबत पहले ही अलर्ट जारी कर रखा है, लेकिन लोग फिर भी लालच के चलते इनके झांसे में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कॉल आते ही उसे इग्नोर करें या इसकी सूचना पुलिस को दें।

Related posts