
कांगड़ा। नंदरूल गांव के बाशिंदे डेढ़ हफ्ते से पेयजल किल्लत से जूझ रहे हैं। गांव के लोगों रणदेव सिंह, पंकज, सतीश कुमार वालिया, दीप सिंह, पूर्ण चंद वालिया, हुक्म चंद, संतोष वालिया, अमित, अशोक कुमार, साहिल, रणजीत सिंह, शशि, प्रवीण कुमारी, कांता देवी, विक्रमा देवी, सीमा देवी, दानो देवी, सुती देवी, अंसा देवी आदि ने कहा कि नंदरूल गांव में 12 दिनों में पेयजल की आपूर्ति नहीं हो पाई है। आईपीएच महकमा पेयजल आपूर्ति बहाल करने में नाकाम साबित हो रहा है। आलम यही रहा तो आईपीएच अधिकारियों का घेराव किया जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि विभाग के कर्मी पानी छोड़ने में कोताही बरतते हैं। इस बारे में एसडीओ से भी शिकायत की गई, लेकिन उनकी समस्या का कोई भी हल नहीं निकल पाया है। उन्हाेंने कहा कि अब गांव के लोगों ने फैसला किया है कि जल्द गांव में पानी न पहुंचा तो लोग कांगड़ा स्थित आईपीएच विभाग के कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर अधिकारियों का घेराव करेंगे।
एसडीएम कोर्ट के समीप पांच दिन से पानी नहीं
कांगड़ा। एसडीएम कोर्ट के साथ रहने वाले लोगों के घरों में पिछले पांच दिनों से पेयजल किल्लत चल रही है। लोगों का कहना है कि जब पूरे शहर में एक समान पानी की सप्लाई दी जा रही है तो इस इलाके में सप्लाई बाधित क्यों? स्थानीय निवासी मनोज चंदेल, नीरज चंदेल, अजय, सुनील कुमार, पंकज इत्यादि ने कहा कि पेयजल सप्लाई बाधित होने की समस्या विभाग को भी बताई लेकिन अभी तक उन्हें सुचारु सप्लाई नसीब नहीं हो पा रही है। इस क्षेत्र में न तो कोई हैंडपंप और न ही प्राकृतिक पेयजल स्रोत हैं। ऐसे में पानी लाने के लिए उन्हें काफी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है। मनोज चंदेल ने कहा कि पांच दिन से उनके घरों में पानी की समस्या से परेशानी झेलनी पड़ रही है। आईपीएच महकमे को इस क्षेत्र में पेयजल किल्लत को जल्द दूर करना चाहिए। उधर, एसडीओ अशोक चौधरी ने कहा कि पाइप की ब्लाकेज की वजह से समस्या आ रही है। विभाग के कर्मी मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। जल्द यहां पानी की सप्लाई सुचारु कर दी जाएगी।
