
लडभड़ोल/ महादेव (मंडी)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने वीरवार को जोगिंद्रनगर के लडभड़ोल और नाचन विधानसभा क्षेत्र के महादेव में चुनावी जनसभाओं में भ्रष्टाचार, महंगाई और बेरोजगारी को लेकर यूपीए और वीरभद्र सिंह पर जमकर निशाना साधा। कहा कि उपचुनाव में जय राम जिताओ, कांग्रेस की सरकार हम गिराएंगे। लडभड़ोल कालेज को बंद करने की लड़ाई भाजपा सुप्रीम कोर्ट तक लड़ेगी।
लडभड़ोल में चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि पिछले कार्यकाल में वीरभद्र सिंह ने सात कालेज खोले थे। जिसमें पांगी के किलाड़ में बिना स्टाफ कालेज खोला गया। जबकि उनके कार्यकाल में खुले कालेजों को सत्ता में आते ही वीरभद्र ने बंद करने का फैसला लिया है। पूर्व भाजपा सरकार ने सर्वे करवाने के बाद ही कालेज खोले थे। वीरभद्र सिंह ने हर वर्ग को ठगा है। बेरोजगारों के साथ धोखा किया है। बेरोजगारी भत्ते के नाम पर कौशल विकास भत्ता दिया है। यह भत्ता हमारी सरकार के समय भी दिया गया। जिसमें गत वित्तीय वर्ष में पांच हजार से अधिक युवाओं को लाभान्वित किया गया था। डिपुओं पर सस्ता राशन नहीं मिल रहा है। वीरभद्र सिंह ने कर्मचारियों वर्ग के हितों की अनदेखी की है। पीटीए शिक्षकों को नियमित करने का वादा किया गया। अब तक 12 कैबिनेट बैठकें हो चुकी हैं, मगर सरकार फैसला नहीं ले पाई। पीटीए शिक्षकों को वेतन के लाले पड़ रहे हैं। यूपीए सरकार के कार्यकाल में महंगाई, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ी है। उन्होंने जनता से आग्रह किया कि उपचुनाव में कांग्रेस को मुंहतोड़ जवाब देने का मौका है। इस मौके पर विधायक गुलाब सिंह ठाकुर, विपन परमार, राम स्वरूप शर्मा, विनय शर्मा, कमलेश कुमारी, विनोद कुमार, रजनीश ठाकुर, दिनेश शर्मा, घनश्याम शर्मा, कश्मीर सिंह राजपूत आदि मौजूद रहे। नाचन विधानसभा क्षेत्र के महादेव में भी प्रेम कुमार धूमल ने चुनावी जनसभा में कांग्रेस सरकार की आलोचना करते हुए भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के लिए वोट मांगे। विधायक विनोद कुमार ने भी संबोधित किया।
