भाजपा को जनसमर्थन से कांग्रेस के होश उड़े

करसोग (मंडी)। भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर ने कहा कि इस उपचुनाव में भाजपा को अपार जनसमर्थन मिल रहा है। पिछले 20 दिन में प्रचार के दौरान पाया कि भारतीय जनता पार्टी को 17 विधानसभा क्षेत्रों में जो जनसमर्थन मिल रहा है, उसे देखकर कांग्रेस की प्रत्याशी और नेताओं के होश उड़े हुए हैं। इसी घबराहट की वजह से वीरभद्र सिंह और उनके मंत्री उनके खिलाफ अनाप शनाप बयानबाजी करके जनता को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं। आरोप लगाया कि चुनाव जीतने के लिए कांग्रेसी नेता मंडी जिले में मतदाताओं को डरा धमकाकर, शराब और पैसे का लालच देकर कांग्रेस प्रत्याशी के लिए समर्थन जुटाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन, मंडी संसदीय की जनता कांग्रेसी नेताओं के इन हथकंडों को दरकिनार करते हुए कांग्रेस की वर्तमान वीरभद्र सरकार को सबक सिखाने के लिए 23 जून का इंतजार कर रही हैं। कांग्रेस के नेता और उनकी प्रत्याशी जगह-जगह कमजोर प्रत्याशी बता रहे हैं। यदि मैं कमजोर प्रत्याशी हूं तो वीरभद्र सिंह सहित उनके मंत्रिमंडल के सदस्य उनके विधानसभा क्षेत्र सराज और पूरे मंडी संसदीय क्षेत्र में देर रात तक छोटी-छोटी बैठकें क्यों कर रहे हैं। मुख्यमंत्री मेरे चुनाव क्षेत्र सराज में तीसरी बार जनसभाएं कर रहे हैं। इस दौरान विधायक रिखीराम कौंडल, पूर्व विधायक हीरालाल, पूर्व विधायक जोगिंद्र पाल, बीना ठाकुर, मंडल अध्यक्ष महेंद्र सत्या, पितांबर लाल गुप्ता, अमीं चंद ठाकुर, वीरेंद्र शर्मा, बीडीसी चेयरमैन हुक्म चंद, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नवीन गुप्ता, ललित सोनी, रुमती देवी आदि मौजूद रहे।

Related posts