
कोटद्वार। आपदा ने गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन (जीएमओयू) को भी काफी नुकसान पहुंचाया है। चारधाम यात्रा मार्ग पर निकली गढ़वाल मोटर ओनर्स यूनियन लिमिटेड की साठ बसें और इनके सौ से अधिक चालक-परिचालक लापता हैं। अब तक एक बस के बहने की सूचना है। इसके चालक का कुछ पता नहीं चल रहा है, जबकि परिचालक ने किसी तरह जान बचाई।
जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने बताया कि चार धाम मार्ग पर कंपनी की कुल 450 में से 120 बसें भेजी गई थीं। बारिश के मद्देनजर अब बसें लौट रही थीं। यात्रा मार्ग के अलग-अलग पड़ावों पर 60 बसों की कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। इन बसों के चालक-परिचालकों से भी कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है। पटवाल ने बताया कि उनकी अपनी बस संख्या यूपी06-5713 सोनप्रयाग के पास मंदाकिनी नदी के उफान में बह गई। बताया कि बस का चालक घनश्याम जखवाल निवासी बंस्यूर ब्राह्मण गांव लापता है, जबकि परिचालक रोशन किसी तरह बच निकला। पटवाल ने बताया कि जखवाल ने 16 जून की रात बस सोनप्रयाग बस अड्डे पर खड़ी की थी। बस में सवार यात्री विश्राम को निकल गए थे, जबकि जखवाल बस में ही सो गया। परिचालक रोशन भी कहीं चला गया था। आपदा के बाद से बस का कुछ पता नहीं है। पटवाल ने बताया कि प्रशासन की ओर से जारी सूची में जखवाल का नाम नहीं है।
