
हल्द्वानी। आपदा में फंसे लोगों को जिंदगी बचाने और मुश्किल से बाहर निकालने को लेकर कुछ लोगों ने धंधा शुरू कर दिया है। हेलिकाप्टर से जोशीमठ से बाहर निकालने को एक परिवार से कथित तौर पर चार लाख तक की डिमांड की जा रही है। वहीं, कुछ टैक्सी चालक भी मनमानी पर उतारू हैं।
आपदा में फंसे लोग मुश्किल से बाहर निकल सके, इसके लिए हर कोई दुआ कर रहा है। इनके बीच कुछ लोग हैं, जो आपदा से पैसा बनाने में लग गए हैं। कई दिनों से जोशीमठ में लुधियाना के एक परिवार फंसा हुआ है। इस परिवार को हेलिकाप्टर से बाहर निकालने के लिए दिल्ली एक टूर कंपनी के कर्मी ने कथित तौर पर चार लाख की डिमांड कर दी। परिवार के सदस्य परमजीत सिंह कहते हैं कि उनके परिवार में पांच बड़े और तीन बच्चे हैं, वह मदद की तलाश में बाहर निकले थे, तो एक निजी हेलिकाप्टर के लिए काम करने वाले पायलेट से बात हुई, तो उसने प्रति व्यक्ति अस्सी हजार रुपये की डिमांड कर दी, उसने कहा कि बुकिंग दिल्ली से होगी। हेलिकाप्टर जोशीमठ से उड़ान भरकर देहरादून छोड़ देगा।
बात केवल इतनी नहीं है, टैक्सी चालक भी मनमानी कर रहे हैं। छोटी दूरी के लिए हजारों मांगे जा रहे हैं। टैक्सी चालक एक समय में ही दो लोगों से बुकिंग करते हैं, इसके बाद जब दोनों परिवार पहुंच जाते हैं, उसमें रेट को लेकर फिर खींचतान करते हैं, इसमें से जो ज्यादा पैसा देता है, उसके साथ टैक्सी चालक जा रहे हैं।
