मुझे मेरी पत्नी से बचाओ

हल्द्वानी। साहब मुझे मेरी बीवी से बचाओ। वो घर का कोई काम नहीं करती। कुछ कहता हूं तो मुझे धमकाती। कभी कभी पिटाई भी कर देती है। मैं अपना काम धंधा करूं या घर का चूल्हा चौका। यह शिकायत लेकर एक एसी मैकेनिक बुधवार सुबह कोतवाली पहुंचा। जहां उसने एसएसआई इंदर सिंह राणा को आपबीती सुनाई।
मुखानी निवासी इस एसी मैकेनिक ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी उसे मानसिक और शारीरिक रूप से काफी प्रताड़ित कर रही है। जब वह काम से थका हारा घर आता है तो वह उससे घर के काम करवाती है। खाना भी पकवाती है। जब भी वह उसे काम के लिए कहता है तो उसे धमकाती है। आत्महत्या कर उसे फंसाने की धमकी देती है। बात बात पर उसे सुनाती है। घर का खर्च भी उसे जरूरत से ज्यादा चाहिए। उसकी हरकतों से वह काम पर ज्यादा ध्यान नहीं दे पा रहा है। उसने कहा कि वह अब और अपनी पत्नी के साथ नहीं रह सकता। उससे छुटकारा दिलाने की गुहार उसने पुलिस से लगाई। एसएसआई इंदर सिंह राणा ने बताया कि उसकी शिकायत की जांच की जा रही है। एसएसआई ने महिला हेल्पलाइन से हस्तक्षेप करने को कहा है।

Related posts