सोनिया आज करेंगी 10,920 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास

सोनिया आज करेंगी 10,920 करोड़ की दो योजनाओं का शिलान्यास

नई दिल्ली: राष्ट्रीय सलाहकार परिषद और कांग्रेस की अध्यक्ष सोनिया गांधी राजस्थान की सबसे बडी पेयजल परियोजना और सुपर क्रिटिकल ऊर्जा संयंत्र का कल शिलान्यास करेंगी। राजस्थान सरकार के एक प्रवक्ता के अनुसार सोनिया 2938 करोड रुपये लागत की राजस्थान ग्रामीण पेयजल और फ्लोराइड निराकरण परियोजना नागौर, द्वितीय चरण का नागौर जिले के जायल कस्बे में शिलान्यास करेंगी।

जापान इन्टरनेशनल कारपोरेशन एजेन्सी (जायका) के सहयोग से प्रस्तावित इस वृहद एवं महत्वाकांक्षी पेयजल परियोजना को आगामी चार वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। परियोजना के माध्यम से नागौर जिले के छह शहरों लाडनू, परबतसर, मकराना, डीडवाना, डेगाना एवं कुचामन के साथ 890 गांवों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जायेगा। इस परियोजना से करीब 23 लाख शहरी एवं ग्रामीण नागरिक शुद्ध पेयजल से लाभान्वित होंगे। परियोजना वर्ष 2045 तक की आबादी के लिये डिजाइन की गई है।

सोनिया दिल्ली से श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ पहुंचेगी और वहां सुपर क्रिटिकल पावर प्लांट का शिलान्यास करेंगी। वहां 660.660 मेगावाट की दो इकाइयों का निर्माण किया जायेगा। इस पर 5500 करोड रुपये का खर्च आयेगा। प्लांट चार वर्ष में बनकर तैयार होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राज्य के ऊर्जा मंत्री जितेन्द्र सिंह भी मौजूद रहेंगे।

Related posts