
सोलन। आस्था का प्रतीक मां शूलिनी का आशीर्वाद शूलिनी मेले के रूप में आम जनमानस को फिर मिलेगा। राज्य स्तरीय मेले के आयोजन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। 21 जून को मां शूलिनी की पालकी उठते ही मेले का शुभारंभ होगा। 23 जून तीन दिन प्रवास के अंत के साथ मेले का समापन भी होगा। शुक्रवार प्रात: 11 बजे मेला स्थल की पूजा अर्चना की जाएगी। यह पूजा नगर परिषद अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों की अध्यक्षता में होगी। मेले में सामाजिक अधिकारिता एवं न्याय मंत्री डा. धनीराम शांडिल बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। वह मां शूलिनी माता की शोभा यात्रा व झांकियों की पूजा-अर्चना दोपहर 2 बजे पुरानी कचहरी में करेंगे। उसके बाद शोभा यात्रा आरंभ होगी। मां शूलिनी की पालकी पुराने बस स्टैंड पर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए उपलब्ध रहेगी।
सांस्कृतिक संध्याएं रहेंगी मुख्य आकर्षण
सांस्कृतिक संध्याएं मेले का मुख्य आकर्षण रहेंगी। इस बार मेले में हिमाचली संस्कृति पर आधारित अधिक से अधिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होगी। सांस्कृतिक कार्यक्रम सांय 3:30 बजे से आरंभ कर दिए जाएंगे। पहली दो संध्याएं रात्रि दस बजे तक और तीसरी संध्या रात 12 बजे तक चलेगी। मेले के दौरान विभिन्न खेलकूद प्रतिस्पर्धाएं वालीबाल व इंडोर खेले, कुश्तियां, ठोडा नृत्य, बेबी शो, फ्लावर शो, कराटे, पेंटिंग और रंगोली प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
600 कुर्सियों की अतिरिक्त व्यवस्था
मेले के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए 500 पुलिस तथा 100 होमगार्ड के जवानों को तैनात किया जा रहा है। यह वर्दी तथा बिना वर्दी के मेले व भीड़ पर नजर रखेंगे। फायर ब्रिगेड व एंबुलेंस भी मेला मैदान के समीप हर वक्त तैनात रहेगी। दर्शकों की सुविधा के लिए इस बार 600 अतिरिक्त कुर्सियां लगाई जा रही हैं। वहीं स्पेशल बसों की व्यवस्था भी की गई है।
पहली सांस्कृतिक संध्या के रंग
21 जून को इंडियन आइडल अमित सनहा तथा सावेरी भट्टाचार्य स्टार कलाकार होंगे। इससे पूर्व उत्तर क्षेत्रिय सांस्कृतिक केंद्र पटियाला छर्ब्ब तथा हिमाचल के जाने-माने कलाकार और सोलन जिला के लोक गायक लोगों का मनोरंजन करेंगे। मुख्य अतिथि मेला ग्राउंड में विकासात्मक प्रदर्शनियों का उद्घाटन और अवलोकन करेंगे।
दूसरी संध्या में मचेगा धमाल
22 जून को शहरी विकास आवास व नगर नियोजन मंत्री सुधीर शर्मा बतौर मुख्यतिथि शिरकत करेंगे। दूसरे दिन हिमाचली नाइट होगी मुख्य कलाकारों में कुलदीप शर्मा, संजीव दीक्षित, शारदा शर्मा तथा जयप्रकाश लोगों का मनोरंजन करेंगे।
अंतिम संध्या पंजाबी नाइट
23 जून को सिंचाई उद्यान एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री विद्या स्टोक्स मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता करेंगी। इस दिन पंजाबी नाइट का आयोजन किया गया है, जिसमें रविंद्र ग्रेवाल मुख्य कलाकार होंगे। उत्तर क्षेत्रीय सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार व हिमाचल के लोक कलाकार लोगों का मनोरंजन करेंगे।
