सिर में सरिया घुसने से युवक की मौत

विकासनगर। सहसपुर थाना क्षेत्र के सभावाला गांव में एक किशोर के सिर में सरिया घुसने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां अधिक खून बहने से उसकी मौत हो गई। युवक हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर का रहने वाला था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 वर्षीय कुलदीप पुत्र खेवराराम निवासी जामुना सिरमौर अपनी बहन के यहां सभावाला गांव में आया हुआ था। वह सुबह मकान की छत पर खड़ा था, जहां ऊपर से बिजली की तार गुजर रही है। इस दौरान वह तारों की चपेट में आ गया। करंट के झटके से वह पीछे जा गिरा, जहां छत की लिंटर से निकला सरिया उसके सिर में घुस गया। परिजन उसे आनन फानन में सीएचसी विकासनगर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी दिलबर सिंह नेगी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Related posts