सिरमौर में अभी तक दर्जनों रूट बंद

नाहन (सिरमौर)। पिछले दिनों लगातार हुई मूसलाधार बारिश के चलते जिले के दर्जन भर मार्ग अभी भी बंद पड़े हुए हैं। हालांकि, मार्ग में फंसी निगम की सभी बसों को निकाल लिया गया है, लेकिन कई मार्गों की अभी तक बहाली नहीं हो पाई है।
जून माह में इस बार रिकार्ड तोड़ बारिश के चलते जिले के अधिकतर सड़क मार्गों की हालत खराब हो गई है। अभी बरसात आनी बाकी है। लोक निर्माण विभाग दो दिन पूर्व बंद पड़े एक दर्जन मार्गों की अभी तक बहाली नहीं कर पाया है। जिले में इस समय नाहन-कौंलावालाभूड़ वाया बर्मा पापड़ी, नाहन-नेहर स्वार, नाहन-रामाधौंण, थनगा-संगड़ाह, नाहन-चाढ़ना, नाहन-कोरग, नाहन-घाटो, नाहन-कुपवी, पांवटा-गत्ताधार, पांवटा-डिमाइना और पांवटा-गातू आदि सड़क मार्ग बंद पड़े हुए हैं। नाहन के सहायक अड्डा प्रभारी सुखराम ठाकुर बताया कि जिले के एक दर्जन मार्ग अभी तक बंद पड़े हुए हैं। मार्गों में फंसी निगम की सभी बसों को निकाल लिया गया है, लेकिन मार्ग बंद होने से निगम की कई बसें बंद पड़े रूटों पर नहीं दौड़ पा रही हैं। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता नाहन रमेश कुमार कैंथ ने बताया कि बंद पड़े सभी मार्गों में विभाग की ओर से मशीनें लगाई गई हैं, लेकिन अधिक मलबा और पेड़ गिरने के कारण मार्ग बहाली के लिए समय लग रहा है। दो-तीन दिन के भीतर सभी मार्गों को बहाल कर दिया जाएगा।

Related posts