
सरकाघाट (मंडी)। इलाज के बहाने तांत्रिक की ओर से महिला के साथ दुराचार करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने दुराचार का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। आरोपी तांत्रिक फरार है।
जानकारी के मुताबिक सरकाघाट उपमंडल के एक गांव की महिला ने बीमारी का इलाज करने के बहाने जबरन दुराचार करने पर एक तांत्रिक के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस को दिए बयान में महिला का कहना है कि वह लंबे अरसे से बीमार रहती थी। उल्टियां होने के साथ ही सांस रुकने की समस्या से परेशान थी। महिला के मुताबिक उसकी बहन ने प्रकाश चंद नामक तांत्रिक के पास इलाज करवाने की सलाह दी। बीमारी का इलाज करने के लिए तांत्रिक महिला के घर आया। इसी दौरान तांत्रिक ने पानी पिलाया। जिससे वह बेहोश हो गई। जिसके बाद तांत्रिक ने दुराचार किया। महिला का आरोप है कि तांत्रिक ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। अगले दिन तांत्रिक उसे जबरदस्ती पकड़ कर चंडीगढ़ ले गया और वहां भी दुराचार किया। चंडीगढ़ से तांत्रिक ने महिला को उसके मायके को जाने वाली सड़क पर छोड़ दिया। किसी तरह से महिला अपने मायके पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई। जिसके बाद महिला ने सरकाघाट थाना पहुंच कर तांत्रिक के खिलाफ दुराचार करने की शिकायत दर्ज करवाई। डीएसपी संजीव भाटिया ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला की शिकायत पर आईपीसी की धारा 376 के तहत केस दर्ज किया गया है। अदालत में पीड़िता का धारा 164 के तहत बयान दर्ज किया जाएगा। आरोपी फरार है। जिसे पकड़ने के लिए पुलिस दल भेज दिया गया है।
