कांग्रेस राज में महंगाई बेलगाम : शांता

बलद्वाड़ा/सुंदरनगर/रिवाल्सर(मंडी)। भाजपा के स्टार प्रचारक एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने बुधवार से भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के समर्थन में कई चुनावी जनसभाएं कर वोट मांगे। उन्होंने महंगाई, भ्रष्टाचार के साथ देश की अर्थ व्यवस्था और सुरक्षा जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर जमकर प्रहार किया। शांता कुमार ने बलद्वाड़ा, घ्याल और रिवालसर में चुनावी जनसभाएं कर जनता से भाजपा प्रत्याशी जय रामठाकुर को वोट देने की अपील की। कहा कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। महंगाई बेलगाम है। देश की जनता परेशान है। लोग खुदकुशी करने पर मजबूर हैं, मगर देश चला रही केंद्र की यूपीए सरकार को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा। कांग्रेस के 10 साल के राज में 70 लाख करोड़ का घोटाला हुआ। देश में 30 करोड़ गरीब रात को भूखे सोते हैं, लेकिन कांग्रेस के राज में चार हजार करोड़ का अनाज सड़ गया। भाजपा सरकार ही है जो देश को अव्यवस्था और असुरक्षा से उबारकर सशक्त और सामर्थ्य से पूर्ण सरकार दे सकती है।
उधर, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के सत्ता में आए पहले 5 माह अदला-बदली में ही बीत गए हैं। मंडी जिले में पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में खोले गए 4 डिग्री कालेजों को बंद करना कांग्रेस पर भारी पड़ेगा। उन्हाेंने जनता से भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के पक्ष में मतदान की अपील की। इस मौके पर पूर्व शिक्षा मंत्री आईडी धीमान, विधायक कर्नल इंद्र सिंह, उर्मिला ठाकुर, ऊषा ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा, राजेंद्र गर्ग एवं नानक चंद आदि उपस्थित रहे।

Related posts