
जोगिंद्रनगर (मंडी )। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ब्यूंह में राजनीति शास्त्र के प्रवक्ता तथा कार्यकारी प्रधानाचार्य पीआर चौहान की अध्यक्षता में युवा संसद का गठन किया गया। चौहान ने कहा कि दस जमा दो की छात्रा अंजना धरवाल लोकसभा अध्यक्ष, ममता प्रधानमंत्री, शिल्पा मानव संसाधन एवं विकास मंत्री, आदित्य धरवाल सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री, गौरव गृह मंत्री और अनिल कुमार ने नेता प्रतिपक्ष के रूप में भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान भ्रष्टाचार, महंगाई, सामाजिक न्याय, महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय एकता से संबंधित मुद्दों पर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोक झोंक हुई। सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से चलाने के लिए अध्यक्ष को कई बार हस्तक्षेप करना पड़ा। इसके अलावा महंगाई के विषय पर पूरा विपक्ष ही सदन का वाकआउट कर गया। परिणाम स्वरूप सदन की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित करनी पड़ी। इस दौरान पाठशाला के अध्यापकों ने विद्यार्थियों को अपने विचारों से संसदीय कार्यप्रणाली से अवगत करवाया। अंत में कार्यकारी प्रधानाचार्य पीआर चौहान ने संसद की विस्तार पूर्वक जानकारी मुहैया करवाई तथा विद्यार्थियों को संसद के सफल संचालन के लिए बधाई दी।
