
बरमाणा (बिलासपुर)। चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे से बरमाणा के समीप बैरी गुग्गाघाट-पंजगाईं सड़क पर चट्टान गिरने से यातायात लगभग 15 घंटे तक ठप रहा। सौभाग्य यह रहा कि जब विशालकाय चट्टान गिरी तो वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। चट्टान गिरने से नेशनल हाईवे भी वन-वे ही बना रहा। हर साल की तरह घटने वाला यह हादसा इस बार भी बरसात का मौसम शुरू होने पर ही समस्या लेकर आया। हर बार ही यहां पर चट्टान गिरने का सिलसिला बना हुआ है। कई घंटों तक सड़क बंद रहती है। लेकिन, लोक निर्माण विभाग समस्या जानकर भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहा। इसके स्थायी समाधान के लिए अभी तक कोई प्रयास नहीं किए गए। अगस्त 2011 में भी इस मार्ग पर चट्टान गिरने से करीब आठ घंटे तक मार्ग बंद रहा है। स्थानीय पंचायतों ने कई बार विभाग को समस्या समाधान के बारे में प्रस्ताव भेजे। बावजूद इसके इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्थानीय निवासी शमशेर गौतम, बेलीराम भारद्वाज, सुंदर लाल शर्मा, कुलदीप गौतम, पूर्व प्रधान सुरेंद्र शर्मा, सुभाष शर्मा, सीता राम शर्मा, पंचायत प्रधान गंभरी देवी सहित अन्य ने कहा कि सड़क बंद होने के कारण लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने संबधित विभाग से मांग की है कि जल्द समस्या का समाधान किया जाए। उधर, लोनिवि के सहायक अभियंता आत्मा राम कालिया ने माना कि इस स्थान गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि विभागीय उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
