खजरी में हर माह दस दिन मिल रही बिजली

चंबा। तीसा उपमंडल के खजरी गांव में बिजली का ट्रांसफार्मर लगाने के लिए ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल उपायुक्त संदीप कदम से मिला। ग्रामीणों खैर मोेहम्मद, तेज सिंह, शुक्रदीन,रमेश, बशीर, रमजान, लालदीन, हरदेउ, लोभी, हंस, क्षानू, गुपालू, राम सिंह, जीतू, हसन, मंजीत, तारा, मैहतूब, प्यारदीन व ओम का कहना है कि खजरी गांव में महीने में 10 से 15 दिन ही बिजली रहती है। शेष दिनों में बिजली का आपूर्ति बंद रहती है। उन्होंने कहा कि खजरी गांव से बिजली के ट्रांसफार्मर की दूरी लगभग पांच किमी की है। ट्रांसफार्मर दूर होने की वजह से बिजली बिलकुल नाम मात्र है। घरों में लगाए गए बल्ब में रोशनी की जगह सिर्फ लाल एलिमेंट ही दिखाई देता है। इतनी कम बिजली की वोल्टेज में लोग घर में रखे टीवी को भी नहीं चला सकते। उन्होंने कहा कि रात के समय बिजली नही होने के कारण स्कूल में पढ़ रहे बच्चों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गांव वासी इस समस्या को लेकर कोटी में स्थित बिजली बोर्ड के दफतर कोटी व चंबा में शिकायत कर चुके हैं परंतु आज दिन तक उनकी समस्या का कोई भी हल नही हो पाया है। गांव के लोगों को बिना बिजली के ही बिजली का बिन देना पड़ रहा है। उन्होंने उपायुक्त से मांग की है कि खजरी गांव में एक नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए। इससे गांव वासियों व स्कूली बच्चों को हो रही परेशानी से निजात मिलेगी। उपायुक्त संदीप कदम ने आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Related posts