कभी भी ढह सकता है स्कूल भवन

चौपाल (शिमला)। उपमंडल के तहत भारी बारिश के चलते राजकीय उच्च विद्यालय झीना के भवन को खतरा पैदा हो गया है। भूस्खलन के बाद स्कूल में बच्चों को पढ़ाई के लिए परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने सरकार से अस्थायी व्यवस्था तथा स्कूल भवन की सुरक्षा की मांग उठाई है। झीना ग्राम पंचायत प्रधान दुलचीराम, स्कूल प्रबंधन समिति अध्यक्ष सुरेश मेहता, युवक मंडल जखोली के प्रधान सुनील मेहता, सदस्य जीवन सिंह नंबरदार, प्रेम सिंह, गोपाल सधाईक, वरिष्ठ नागरिक श्याम सिंह मेहता तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश मेहता ने सरकार से आग्रह किया है कि स्कूल भवन की सुरक्षा के लिए उचित प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि बच्चे गांव में खुले मैदान में पढ़ाई कर रहे हैं। बारिश होने पर बच्चों की पढ़ाई के लिए कोई स्थान नहीं है। स्कूल भवन भूस्खलन के बाद बच्चों के बैठने के लिए पूरी तरह असुरक्षित है। स्कूल के कार्यवाहक मुख्याध्यापक रमेश किमटा ने स्कूल भवन असुरक्षित होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि इसकी लिखित सूचना उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी हैै। अभी बच्चों की कक्षाएं खुले मैदान में चल रही हैं। पंचायत समिति चौपाल के अध्यक्ष सुरेंद्र मोहन मेहता ने सरकार से आग्रह किया है कि स्कूल भवन की सुरक्षा के लिए जल्द उचित व्यवस्था की जाए।

Related posts