परवाणू में चंडीगढ़ के युवक की मौत

परवाणू (सोलन)। शिमला-कालका परवाणू बाईपास पर टिपरा के पास कार के पहाड़ी के साथ टकराने के कारण 23 वर्षीय अंकुर गुप्ता पुत्र नरेंद्र गुप्ता निवासी हाउस नंबर 375ए दड़वा चंडीगढ़ की मौत हो गई है। वहीं उसके सगे भाई विवेक गुप्ता और कार में सवार दोस्त नेत्र सिंह हाउस नंबर 371 निवासी दड़वा को चोटें आई हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
एसएचओ परवाणू रघुबीर सिंह के अनुसार दोनों भाई अपने दोस्त के साथ परवाणू घूमने के लिए निकले थे। अचानक दोपहर करीब दो बजे कार अनियंत्रित होकर पहाड़ से टकरा गई। सूचना मिलते ही एनएच पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए पंचकूला सरकारी अस्पताल में लाया गया। जहां अंकुर गुप्ता को मृत घोषित किया गया। अंकुर गुप्ता का पिता चंडीगढ़ में कारोबारी है। वहीं दोनों बेटे कारोबार में उसकी मदद करते हैं। उधर, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।

Related posts