
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के तकरीबन 10 हजार लोगों को लाभ देने वाली बडू साहिब-सराहां उठाऊ पेयजल योजना भारी वर्षा के चलते क्षतिग्रस्त हुई है। योजना के स्रोत में भारी मलबा तथा मिट्टी भर चुकी है। योजना के ठप होने से सराहां, ज्वाणा, बटोल टिक्कर, चडेच, चंबोड़ा, चौकी, काहन, धीरथ, बनाहां की सेर एवं चड़क गांव को सप्लाई होने वाली पेयजल योजना पूरी तरह से बंद पड़ गई है। फिलहाल क्षेत्र में पीने के पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से जबरदस्त वर्षा हो रही है। कई स्थानों पर मलबा तथा गाद भर गई है। सराहां पंचायत प्रधान विनोदकांत शर्मा, उप प्रधान नरेंद्र कुमार, बनाहां घिन्नी पंचायत प्रधान अनूप शर्मा, तारा दत्त शर्मा, कर्म सिंह, चेतन शर्मा, भूप सिंह, राम सिंह तथा नरेंद्र कुमार ने बताया कि यह योजना पिछले तीन दिन से बंद पड़ी हुई है। इसके कारण पीने के पानी का जुगाड़ करना बेहद कठिन हो रहा है।
उधर इस मामले में सहायक अभियंता एमसी सेन ने बताया कि योजना के मुख्य स्रोत में मलबा तथा मिट्टी भर गई है। मलबा उपकरणों को खराब न कर दे। इसलिए योजना को बंद किया है। जल्द ही मलबा हटाकर योजना चालू की जाएगी।
