नाहन और पांवटा में डूबने से दो की मौत

पांवटा साहिब/ नाहन। थाना पांवटा एवं नाहन के तहत दो लोगों की डूबने से मौत हो गई है। यमुना नदी के किनारे खेल रहे बच्चों में से एक डूब गया, जबकि नाहन के पक्का टैंक से एक अधेड़ व्यक्ति का शव तैरते हुए पाया गया। पुलिस अधीक्षक सुमेधा द्विवेदी ने पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पांवटा में रोहन (7) पुत्र प्रीतम सिंह खेलते-खेलते नदी में जा डूबा। मंगलवार को देर शाम हादसा हुआ, जिससे परिजनों समेत नप कमेटी के वार्ड-5 में शोक व्याप्त है। सूचना मिलते ही डीएसपी पांवटा व एसएचओ की टीम मौके पर पहुंची।
बताया जा रहा है कि प्रीतम सिंह (46) अपने परिवार के साथ वार्ड-5 में स्वर्गधाम (शमशान घाट) के समीप यमुना किनारे रहता है। वह दिहाड़ी मजदूरी करता है। वह अपनी पत्नी व बच्चे के साथ ही एक मकान में रहता है। मंगलवार को शाम करीब पौने चार बजे वार्ड-5 के रोहन (7), नमन व दीपक नदी से कुछ दूरी पर खेल रहे थे कि खेलते हुए यमुना नदी के किनारे जा पहुंचे। इस बीच रोहन नदी की चपेट में आ गया। साथी बच्चों ने रोहन के डूबने पर कुछ दूरी पर खड़े सौरव (12) को बताया। बच्चों ने आसपास शोर मचा कर लोगों को एकत्र किया, लेकिन यमुना के तेज उफान पर डूबे रोहन का कहीं पता नहीं चल सका। इसकी सूचना पुलिस थाने में कर दी गई। इसके बाद डीएसपी पांवटा नरवीर सिंह राठौर व थाना प्रभारी भीष्म ठाकुर टीम सहित मौके पर पहुंचे। नदी में डूबे बालक के साथ खेल रहे बच्चों से पूरी जानकारी ली गई। डीएसपी पांवटा ने इसकी पुष्टि की है।
इसी प्रकार नाहन थाना क्षेत्र के तहत मंगलवार को पक्का टैंक में मृतक 55 वर्षीय साधुराम पुत्र इंदर सिंह निवासी रामदासिया मोहल्ला कच्चा टैंक नाहन का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। प्रारंभ जांच में एएसपी भगत सिंह कहा कि मौत तालाब में गिरने से हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Related posts