
बालीचौकी (मंडी)। मंडी उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह ने मंगलवार को सराज क्षेत्र में आधा दर्जन से अधिक चुनावी सभाएं कर वोट मांगे। प्रतिभा सिंह ने कहा कि अपनी सांसद निधि में वह सराज क्षेत्र का विशेष ध्यान रखेंगी। भाजपा प्रत्याशी जयराम मजबूर प्रत्याशी हैं। सराज में हमेशा लोगों ने कांग्रेस का साथ दिया है और इस उपचुनाव में भी सराज की जनता विकास के लिए कांग्रेस के पक्ष में ही वोट डालेगी।
उन्होंने मतदाताआें से 23 जून को कांग्रेस के पक्ष में भारी मतदान करने की अपील की है। बालीचौकी, धबेहड़, थाटा, माणी, पंजाई, थाची में हुई चुनावी जनसभा में उन्होंने पूर्व धूमल सरकार की आलोचना की है। कहा कि प्रदेश में विकास का श्रेय कांग्रेस पार्टी को जाता है। भाजपा प्रत्याशी जयराम मंत्री बनकर कुछ नहीं कर पाए तो सांसद बन कर क्या करेंगे। केंद्र में कांग्रेस गठबंधन की यूपीए सरकार है। भाजपा क्षेत्रवाद, जातिवाद को बढ़ावा दे रही है। पूर्व धूमल सरकार के पांच साल के कार्यकाल में विकास कार्य पूरी तरह से ठप पड़े थे। सत्ता में आते ही मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पांच महीनों के कार्यकाल में कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं।
इस मौके पर ऊर्जा मंत्री सुजान सिंह पठानिया, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, पूर्व विधायक पंडित शिव लाल, मिल्कफेड के पूर्व अध्यक्ष चेतराम ठाकुर, सराज चुनाव प्रचार समिति के संयोजक प्रो. बीर सिंह, विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी तारा ठाकुर, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष टेक सिंह चौहान, युवा कांग्रेस उपाध्यक्ष बीर सिंह भारद्वाज आदि मौजूद रहे।
