
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर की डुगराईं पंचायत घर में चोरों ने खिड़की तोड़ कर वहां से कंप्यूटर चुरा लिया। प्रधान की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। डुगराईं पंचायत प्रधान राम सिंह ने बताया कि 13 जून को चौकीदार पंचायत भवन खोलने गया तो वहां एक कमरे की खिड़की टूटी हुई पाई गई। जांच करने पर कमरे के अंदर रखा मनरेगा का कंप्यूटर गायब पाया गया। वहीं, कनैड पंचायत के हलेल में चोरों ने नंदलाल के घर में सेंध लगाकर करीब 30 हजार रुपये के बर्तन और अन्य सामान चुरा लिया। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने डुगराईं पंचायत से कंप्यूटर तथा हलेल से बर्तन चोरी होने की पुष्टि की है।
मारपीट की वारदात में दो घायल
सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर के चांबी और बल्ह हलके के रिवालसर में मारपीट की दो वारदातों में दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चांबी निवासी लेखराज को छोटू और राजकुमार ने रास्ता रोक कर पीट डाला। वहीं, रिवालसर में परविंदर कौर को विजय और धर्मपाल ने रास्ता रोक कर धुन दिया। पुलिस अधीक्षक मंडी आरएस नेगी ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मारपीट का मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।
सुंदरनगर पुलिस ने उद्घोषित अपराधी पकड़ा
सुंदरनगर (मंडी)। सुंदरनगर पुलिस ने कोर्ट की ओर से उद्घोषित अपराधी को गिरफ्तार किया है। डीएसपी कुलभूषण वर्मा ने बताया कि दुर्घटना के एक मामले में अदालत में चल रही सुनवाई के दौरान तलेली निवासी देसराज के पेश न होने पर उसे अदालत ने भगौड़ा करार दिया गया था। डैहर पुलिस चौकी के एक दल ने मंगलवार को देशराज को उसके घर से दबोचा। जिसे अदालत में पेश करने की प्रक्रिया चल रही है।
