
बैजनाथ (कांगड़ा)। उपमंडल के सगूर गांव की एक महिला ठगी का शिकार हो गई है। घटना में महिला अपने बैंक खाते की 52 हजार रुपए की राशि गंवा बैठी। महिला ने घटना के संबंध में पुलिस में मामला दर्ज करवा दिया है।
ठगी की शिकार महिला कंचना देवी ने बताया कि गत 11 जून को वह पपरोला स्थित पंजाब नेशनल बैंक के एटीएम से राशि निकालने गई और पहले उसने एटीएम कार्ड का प्रयोग करके 10 हजार रुपए की राशि निकाली। बाद में फिर से उसी वक्त 10 हजार रुपए की राशि निकालने की कोशिश की, मगर राशि नहीं निकली। इतने में उसके पीछे खड़े व्यक्ति ने मदद का हवाला देते हुए चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल दिया। बाद में महिला 18 जून मंगलवार को पैसे निकालने लगी तो उसका कार्ड नहीं चला। बैंक से संपर्क करने पर उसने पाया कि खाते में एक भी पैसा नहीं है। महिला ने इस बारे में बैंक कर्मचारी से पूछताछ की और पता चलने पर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया। डीएसपी योगेश रोल्टा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
