
चौपाल (शिमला)। पुलवाहल पंचायत के सरी गांव में भारी बारिश से सोमवार रात को दो मंजिला मकान ढह गया। हादसे में एक बुजुर्ग व्यक्ति और एक महिला की मलबे के नीचे दबने से मौत हो गई है। वहीं, दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल बच्चों को शिमला अस्पताल ले जाया गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलवाहल के सरी गांव में रात करीब साढ़े आठ बजे हादसा हुआ है। उस समय मकान मालिक रमेश चंद अपने परिवार के साथ घर पर ही मौजूदा था। रात को रमेश चंद के पिता, पत्नी और बच्चे एक कमरे में बैठे हुए थे। कुछ दिनों से चल रहे बारिश के क्रम ने घर की नींव को हिला दिया था। इस कारण रात साढ़े आठ बजे मकान अचानक ढह गया। रमेश चंद मकान ढहने की आवाज सुनते ही कमरे से बाहर आया तथा जोर-जोर से मदद के लिए चिल्लाने लगा। रमेश चंद की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तुरंत राहत कार्य शुरू किया। हादसे में रमेश की 46 वर्षीय पत्नी सत्या देवी और पिता 85 वर्षीय टौंकू राम की मलबे के नीचे दबने से मौके पर ही मौत हो गई। 14 वर्षीय अमित और 10 वर्षीय आशीष को जिंदा मलबे में से निकाला गया। गंभीर रूप से घायल दोनों बच्चों को शिमला ले जाया गया। तहसीलदार मोहन सिंह नेगी ने मंगलवार को सरी गांव जाकर घटना का जायजा लिया तथा प्रभावित परिवार को फौरी राहत दी।
चौपाल पुलिस थाना प्रभारी कांशी राम ने बताया कि पुलिस की टीम सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंच गई। चौपाल के विधायक बलबीर वर्मा ने हादसे पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने बताया कि प्रभाविताें को हरसंभव सहायता देने के लिए प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं। पूर्व विधायक सुभाष मंगलेट ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया है।
