काजा में सेब, राजमाह, मटर की फसल तबाह

काजा (लाहौल-स्पीति)। घाटी की दो पंचायतों में हुई भारी बर्फबारी ने किसानों और बागवानों की करोड़ों रुपये की फसल को नष्ट कर दिया है। भारी बर्फबारी के चलते ताबो और गियू में सेब, राजमाह सहित अन्य नकदी फसलें तबाह हो चुकी हैं। हैरत की बात तो यह है कि बर्फबारी स्पीति के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में न होकर निचली दो पंचायतों में हुई है। यहां सबसे अधिक सेब, मटर और राजमाह की फसल होती है।
पूर्व उप प्रधान महेंद्र सिंह ने बताया कि ताबो तथा गियू पंचायत में 15 से 30 सेमी तक बर्फबारी हुई है। जून माह में क्षेत्र में पहला मौका है जब बर्फबारी हुई हो। क्षेत्र के लोगों विजय कुमार, रिगजिन डोलमा, खारप झाओपल आदि का कहना है कि दोनों पंचायतों में सबसे अधिक नकदी फसल होती हैं। जून माह में हुई इस बर्फबारी ने सब कुछ नष्ट कर दिया। इस बर्फबारी से सेब, राजमाह, मटर, जौ और गंदम की फसल नष्ट हो गई है। क्षेत्र में करोड़ों का नुकसान हुआ है। एसडीएम काजा राहुल चौहान का कहना है कि दो पंचायतों में भारी बर्फबारी हुई है। नकदी फसलों के नुकसान की रिपोर्ट बनाने के लिए राजस्व विभाग के कर्मचारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। नुकसान की रिपोर्ट बनाकर प्रदेश सरकार को भेज दी जाएगी।

Related posts