चाकू मार कर साथी ने युवक की जान ली

नई दिल्ली। न्यू उस्मानपुर इलाके में रुपये चुराने का आरोप लगाते हुए एक युवक की गला रेत कर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त मोहम्मद कलाम (30) के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। न्यू उस्मानपुर थाना पुलिस ने घटना स्थल से हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद कर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बिहार के अररिया जिला का रहने वाला कलाम, उस्मानपुर दूसरे पुश्ते पर बिंदी बनाने की एक फैक्टरी में काम करता था और यहीं रहता था। शनिवार देर रात वह फैक्टरी में काम कर रहा था। इस बीच उसके साथ काम करने वाले कैसर नाम के युवक ने उस पर पर्स से रुपये चोरी का आरोप लगाया। मना करने के बाद भी वह कलाम से झगड़ा करने लगा। झगड़े के दौरान आरोपी कैसर ने चाकू निकालकर उसके गले पर वार कर दिया। गंभीर हालत में कलाम को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। वारदात के बाद कैसर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

Related posts