13 साल बाद जून में खुलेंगे नैनीझील के डांठ!

नैनीताल। नैनीताल में बीते 48 घंटों में 650 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। वर्षा का वेग इतना ज्यादा है कि दो दिन पूर्व शून्य से नीचे चल रहा नैनी झील का जलस्तर पांच फुट पहुंच गया है। यदि एक दो दिन तक हालात यही रहे तो 13 वर्ष बाद जून के महीने में डांठ खोलने की नौबत आ सकती है।
डांठ मे स्थित झील नियंत्रण कक्ष में तैनात कर्मी ठाकुर सिंह ने बताया कि 48 घंटे में रिकार्ड बारिश ने नगर में रिकार्ड बनाया है। हालांकि 2011 में जून में 621 मिमी वर्षा हुई थी। जो बीते तीन दशकों में सर्वाधिक थी, लेकिन इस बार सिर्फ दो ही दिन में 650 मिमी वर्षा हो गई है। जून माह में झील का जलस्तर साढ़े सात फुट पहुंचने पर डांठ खोलकर पानी बहाने का प्रावधान है। पूर्व में 1989 तथा 1999 में जून में डांठ खोला गया था। तब जून में 550 मिमी बारिश हुई थी।
1999 में जून में 688 मिमी वर्षा हुई तो अतिरिक्त पानी बहाना पड़ा। आमतौर पर जून में नैनीताल में सौ से ढाई सौ मिमी वर्षा होती है। इससे पूर्व जून में भारी वर्षा 1996 में 552 मिमी, 1999 में 688 मिमी, 2007 में 462 मिमी, 2008 में 563 तथा 2011 में 921 मिमी हुई थी। 1989 और 1999 के अलावा आमतौर पर जून में झील का जलस्तर एक से चार फुट के बीच रहा है। जबकि बीते चार वर्षों से जून माह में झील का जलस्तर शून्य से नीचे रहा है। 2008 में जून में जलस्तर साढ़े चार फुट पहुंचा था उसके बाद से हर वर्ष जून में यह शून्य से नीचे रहा।

Related posts