बारिश से पूर्णागिरि में फंसे सैकड़ों यात्री, सभी सुरक्षित

टनकपुर। बारिश के कारण मार्ग बंद होने से सैकड़ों यात्री मां पूर्णागिरि धाम में फंसे हुए है। वहीं हजारों यात्रियों को दर्शन के बगैर वापस लौटना पड़ा।
बारिश के बावजूद सोमवार को उत्तर भारत के विभिन्न इलाकों से हजारों की संख्या में लोग मां पूर्णागिरि के दर्शन को पहुंचे, जिन्हें प्रतिबंध के चलते प्रशासन ने पूर्णागिरि यात्रा पर जाने से रोक दिया। बताया जाता है कि रविवार को मार्ग बंद होने से पूर्व देवी के दर्शन को गए सैकड़ों यात्री पूर्णागिरि धाम में फंसे हुए हैं। किरोड़ा नाले के ऊफान तथा बाटनागाड़ में भारी मलवा आने से मार्ग बंद होने के कारण प्रशासन ने पूर्णागिरि यात्रा पर रोक लगाई है। यात्रियों की पैदल आवाजाही को भी प्रतिबंधित किया गया है। उप जिलाधिकारी जसवंत सिंह राठौर का कहना है कि आपदा बचाव के उचित प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पूर्णागिरि मार्ग पर रेड अलर्ट घोषित कर यातायात पर पाबंदी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि पूर्णागिरि में फंसे यात्री सुरक्षित हैं तथा दुकानों में शरण लिए हुए हैं। पूर्णागिरि के व्यापारियों से उनके रहने और खाने-पीने की व्यवस्था करने को कहा गया है। वहीं कई यात्री सकुशल लौट आए हैं।

Related posts