
कसौली (सोलन) प्रसिद्ध पर्यटन नगरी कसौली में सूचना एवं जन संपर्क विभाग व पर्यटन विभाग सोलन के सौजन्य से अक्षिता लोक नृत्य सांस्कृतिक युवा मंच सोलन ने कसौली आने वाले पर्यटकों के मनोरंजन के लिए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यटकों को हिमाचल की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू करवाना है। कार्यक्रम में हिमाचली माला नाटी, फंडुआ, लोकगीतों और अन्य कार्यक्रम से पर्यटकों ने खूब मनोरंजन किया, कलाकारों के साथ पर्यटक भी नाटियों पर झूमते नजर आए। विभागीय कलाकार कसौली में टूरिस्ट जगहों पर ऐसे कार्यक्रम कर रहा है। दल के सचिव जयप्रकाश ने बताया कि कार्यक्रम देखकर पर्यटक प्रदेश की संस्कृति के बारे में जानने के लिए उत्साहित होते हैं।
कसौली कैंट बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष और व्यापार मंडल कसौली के प्रधान देवेंद्र गुप्ता का कहना है कि सरकार के ऐसे आयोजनों से पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होती है। उन्होंने सरकार से आह्वान किया कि समय-समय पर ऐसे आयोजन होते रहने चाहिए। इस मौके पर कार्यक्रम इंचार्ज गोपाल रघुवंशी, दल के अन्य कलाकारों में गुरदास, भानेश्वर, मुनीष, जयप्रकाश, अमित नेगी, जसवंत ठाकुर, कुमारी मंजू, किरण और गौतम आदि कलाकार शामिल हैं।
