
रोनहाट (सिरमौर)। क्षेत्र में हो रही भारी बारिश के चलते सोलन-मीनस मार्ग शनिवार रात से ही आवाजाही के लिए ठप हो गया है। यह मार्ग शनिवार देर रात हुई भारी बरसात के कारण कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। यात्री बीआर चौहान, लाल सिंह, लायक राम, अतर सिंह, वर्षा देवी, कमला देवी, मिल्ला राम आदि ने बताया कि इस बारे में विभाग को सूचित कर दिया था, लेकिन अभी तक भी सड़क यातायात के लिए बहाल नहीं की जा सकी।
यात्रियों ने बताया कि गुमराहा, जरवा, रोनहाट, जो खड्ड और अमोटा के समीप कई जगहों पर भारी भूस्खलन हुआ है। भारी पत्थर और तलबा सड़कों पर आ गया है। बीती शनिवार रात से ही वाहनों की आवाजाही मार्ग पर पूरी तरह से बंद है। इसके चलते आधा दर्जन से अधिक बसें और अन्य वाहन बीच मार्ग पर ही फंसे हैं।
इसके अलावा दो निजी बसें शिलाई-शिमला और पांवटा-हरिपुरधार बीच मार्ग में फंसी हैं। दर्जनों यात्री भारी वर्षा में अपने गंतव्यों तक नहीं पहुंच पाए हैं। कई स्थानों पर यात्रा कर रहे लोगों का सामान भी पूरी तरह से भीग गया है। शनिवार देर शाम से ही मलबे तथा वर्षा में फंसे यात्री भारी परेशानियों से गुजर रहे हैं। सोलन-मीनस मार्ग गुमराह के समीप सबसे ज्यादा खराब पड़ा है। मार्ग पर बिछाई जा रही बजरी के कारण भी काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
उधर रोनहाट लोनिवि के सहायक अभियंता बीबी शर्मा ने बताया कि मार्ग को खोलने के लिए 2 जेसीबी मशीनें मंगवा दी गई हैं। वर्षा थमते ही मार्ग बहाली का काम शुरू कर दिया जाएगा।
