
धौलाकुआं (सिरमौर)। बायंकुआं के समीप बनी निजी इकाई में रविवार देर शाम भीषण बाढ़ के चलते पानी तथा मलबा जमा हो गया है। देखते ही देखते मलबे में गैस सिलेंडर तथा कई केमिकल ड्रम एवं अन्य सामान बाढ़ के साथ बहने लगा। बाढ़ में 33केवी की लाइन भी क्षति ग्रस्त हो गई। अनेकों विद्युत उपकरणों सहित लगभग 50 कीमती मोटरें मलबे में दब गईं। फिलहाल इस बाढ़ से निजी इकाई फ्रंटीयर आयल एंड स्टील को करोड़ों रुपये के नुकसान होने का अनुमान है।
जमूंखाले में संचालित इकाई में अचानक उस समय अफरा तफरी मच गई जब रविवार देर रात तकरीबन 2 बजे के करीब नदी के पानी का तेज बहाव दीवार तोड़ कर इकाई परिसर में घुस गया। यहां मौजूद कर्मचारी तथा गार्ड अपनी जान बचाने के लिए इधर उधर भागने लगे। बाढ़ के समय इकाई के भीतर मौजूद कर्मचारी कीमती सामना को नहीं बचा सके। इकाई के भीतर दो से तीन फुट तक का मलबा पानी सहित जमा हो गया।
उधर, इकाई प्रबंधक पीसी जोशी ने बताया कि पानी सोमवार तड़के 2 बजे के करीब परिसर की दीवारों को तोड़ते हुए अंदर घुस गया। पानी के बढ़ने से अचानक बाढ़ आ गई। कई कर्मचारी तथा कामगार अपनी जान बचाने के लिए ऊंचाई में बने चैनलों पर चढ़ गए।
बाक्स…
सिंचाई विभाग बनाएगा नालों का प्राक्कलन : विधायक
धौलाकुआं (सिरमौर)। क्षेत्रीय विधायक किरनेश जंग ने रविवार देर रात आए जमूंखाला बाढ़ पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने बताया कि नदी नालों का तटीय करण हर हाल में करवाया जाएगा। सिंचाई विभाग को नालों का प्राक्कलन बनाने के लिए कहा जा रहा है।
