नाहन-कुमारहट्टी हाईवे डेढ़ घंटे बंद

नाहन (सिरमौर)। जिले में चार दिन से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश केचलते सोमवार को निर्माणाधीन नाहन-कुमारहट्टी नेशनल हाइवे मार्ग लादू के समीप भारी मलबा तथा पत्थर गिरने से करीब डेढ़ घंटे तक बंद रहा। इस दौरान निगम की बसों सहित दर्जनों निजी वाहन मार्ग में फंसे रहे। बाद में निर्माणाधीन मार्ग में काम कर रही जेसीबी मशीन से मलबे को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए बहाल किया गया। जिले में हो रही रिकार्ड तोड़ बारिश के कारण सोमवार को भी एक दर्जन से अधिक सड़क मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो सके। बीते रविवार को इन मार्गों में निगम की 10 बसे फंसी हुई थी। जिनमें से 6 बसों को निकाल लिया गया है, अन्य चार बसें अभी भी बंद मार्गाे में फंसी हुई हैं। जिले में सोमवार को सराहां-कोट, सराहां-परवाणू, गातू-नाहन, कोरग-नाहन, थनगा-नाहन, पालर-नाहन, चौपाल पांवटा, डिमाईना-पांवटा, गत्ताधार-पांवटा, नाहन-कौंलावालाभूड़, रतवा-रेणुका व शिलाई-हरिपुरधार आदि मार्ग यातायात के लिए बहाल नहीं हो सके। मार्ग बंद होने के कारण एचआरटीसी तथा लोनिवि को भी भारी नुकसान हुआ है। उधर, जिला के सहायक बस अड्डा प्रभारी सुखराम ठाकुर ने बताया कि जिला के दर्जन भर रूट अभी भी बंद पड़े हुए हैं। जिनमें निगम की चार बसे फंसी हुई हैं। उन्होंने बताया कि पिछले चार दिन से हो रही लगातार बारिश के चलते निगम को एक लाख से अधिक का नुकसान हुआ है।

Related posts