पुलिस का कौन ‘सर’ रोक रहा ओवरलोड बसों के चालान से

शिमला। सोमवार को वक्त दोपहर के 2:10 बजे, जगह घोड़ा अस्पताल बस स्टॉप (सर्कुलर रोड)। ओल्ड बस स्टैंड से हिमलैंड की ओर जा रही निजी बस स्टॉपेज पर पहुंची। बस अभी रुकी ही थी कि सड़क के दूसरी ओर पुलिस गुमटी से महिला पुलिस कांस्टेबल भागते हुए बस के पास पहुंचीं। हाथ में पकड़ा वायरलेस सेट बस पर पटका और गाड़ी को साइड में खड़ा करने का इशारा किया। बस से उतरकर कंडक्टर ने सफाई देते हुए कहा, ‘मैडम, लोगों को बस में चढ़ने से रोक तो नहीं सकते, हम तो मना करते हैं, मानते ही नहीं’। कांस्टेबल ने कंडक्टर की बात पर ध्यान दिए बिना, वायरलेस सेट पर बात करनी शुरू कर दी। ‘बस रोक दी है सर, क्या करूं, ..ओवरलोड है, बहुत सवारियां स्टेंडिंग हैं, … जी, राइट सर। मुंह के सामने से वायर सैल सेट हटाकर कांस्टेबल ने बस के कंडक्टर को इशारा करते हुए कहा, ..चलो, चलो, गाड़ी आगे निकालो। कंडक्टर लंबी सिटी मारते हुए तेजी से बस में चढ़ा, और बस लिफ्ट की ओर रवाना हो गई।
शहर में इन दिनों पुलिस ने बसों में ओवरलोडिंग के खिलाफ अभियान छेड़ रखा है। बताया जा रहा है कि ऊपर से निर्देश हैं कि चाहे सरकारी हो या फिर प्राइवेट, ओवरलोडिंग करने वालों के चालान करो। लेकिन सर्कुलर रोड पर सोमवार को जो नजारा देखने को मिला उससे कुछ और ही तस्वीर सामने आई। पुलिस की कार्रवाई के बावजूद शहर में ओवरलोडिंग की समस्या पर अंकुश नहीं लग पाया है।

Related posts