बारिश से ढह गया दो मंजिला मकान

झंडूता (बिलासपुर)। विकास खंड झंडूता के तहत बलघाड़ पंचायत के अमरोआ गांव में बारिश के कारण एक ग्रामीण का मकान ढह गया है। स्लेटनुमा मकान के गिरने से पूरा परिवार सड़क पर आ गया है। उधर, प्रशासन की ओर से स्थानीय पटवारी ने मौके का मुआयना कर रिपोर्ट तैयार कर आला अधिकारियों को भेजी गई है। घटना के दौरान घर के भीतर कोई नहीं था। अन्यथा कोई अनहोनी घटना भी हो सकती थी।
मौसम ने बिलासपुर में कहर बरपा दिया है। सड़कों को भारी नुकसान होने के साथ ही लोगों के मकानों को भी क्षति पहुंचने की सूचना है। बलघाड़ पंचायत के अमरोआ गांव में गत दिनों हुई बारिश से स्लेटनुमान मकान पूरी तरह से ढह गया है। दो मंजिला मकान प्रेमी देवी पत्नी स्वर्गीय महंत राम का था। वह अपने परिवार सहित यहां रह रही थी। अचानक हुई बारिश के कारण मकान पूरी तरह से ढह गया है। मकान गिरने से करीब डेढ़ लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने की आशंका है। स्थानीय पंचायत प्रधान बाबू राम राणा ने कहा कि मकान गिरने से परिवार बैकफुट पर आ गया है। प्रधान बाबू राम राण, सुभाष चंद, प्रकाश कपिल, ओंकार कपिल, जगदीश सिंह, जोगिंद्र सिंह ने बताया कि यह परिवार अति निर्धन है। लिहाजा, जल्द से जल्द परिवार को उचित सहायता मुहैया करवानी चाहिए। पटवारी अमर नाथ ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेज दी गई है।

Related posts