
काजा (लाहौल स्पीति)। भारी बारिश से किन्नौर-काजा विद्युत लाइन टूट गई है। इसके चलते स्पीति वैली की दस पंचायतों में बत्ती गुल है। इससे हजारों लोगों को अंधेरे में गुजर बसर करना पड़ रहा है। बिजली न होने से काजा अस्पताल में आपरेशन समेत अन्य सभी कार्य ठप हैं। ताबो में चार सेंमी बर्फबारी और समूचे क्षेत्र में बारिश होने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। लोगों को ठंड से बचने के लिए दोबारा गर्म वस्त्र निकाले पड़े हैं। स्पीति वैली के काजा मुख्यालय समेत ताबो, डंखर, लालुंग, ग्यू, सगनम, कुंगरी आदि पंचायतों में तीन दिन से अंधेरा छाया है। बिजली न होने के कारण यहां के हजारों लोगों को परेशानी से दो चार होना पड़ रहा है। स्पीति वैली में सिर्फ खुरिक, हल और लोसर में ही बिजली है। यहां के लिए रोंगटोंग प्रोजेक्ट से बिजली की आपूर्ति हो रही है, लेकिन उत्पादन कम होने से यहां भी आपूर्ति सुचारु नहीं हो पा रही है। काजा मुख्यालय स्थित अस्पताल में भी बिजली नहीं है। इससे आपरेशन समेत अन्य कार्य ठप पड़े हुए हैं। इधर, काजा से ताबो की तरफ चार सेंमी तक ताजा हिमपात हुआ है। हिमपात और बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है। इसके चलते लोगों ने गर्म वस्त्र निकाल लिए हैं। विद्युत बोर्ड के एसडीओ संजय नेगी ने बताया किया किन्नौर-काजा विद्युत लाइन टूटी है। लाइन जोड़ने का कार्य किया जा रहा है और जल्द आपूर्ति बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
