कलियर में जलभराव से तीन घंटे बंद रही दरगाह

पिरान कलियर। लगातार बारिश ने क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जहां एक ओर गलियों और सड़कों पर पानी भर गया, वहीं कलियर शरीफ दरगाह में भी जल भराव हो गया। इस कारण दरगाह को तीन घंटों के लिए बंद करना पड़ा। दरगाह बंद होने से जायरीनों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लगातार बारिश के कारण क्षेत्र की सड़कों का पानी दरगाह परिसर और उसके आसपास के क्षेत्र में जमा हो गया। दरगाह जामा मस्जिद के मुअज्जन अब्दुल सलाम और उनके बेटे अब्दुर्रहमान ने रेत भरी बोरी दरगाह परिसर में लगाकर पानी को रोकने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिली। देखते ही देखते दरगाह परिसर में दो फीट तक पानी भर गया। पानी भरने के कारण दरगाह को सुबह छह बजे से लेकर नौ बजे तक जायरीनों के लिए बंद करना पड़ा। दरगाह में पानी भरने की सूचना पर वक्फ बोर्ड अध्यक्ष राव काले खां पहुंचे। बाद में सफाई कर्मियाें और स्थानीय लोगों की मदद से दरगाह में भरे पानी को निकाला गया। नौ बजे दरगाह को दोबारा जायरीनों के लिए खोल दिया गया। वहीं, तेज बारिश के चलते दरगाह के सामने बनी पार्किंग की लगभग पांच सौ मीटर लंबी दीवार ढह गई।

Related posts