डीएम ने लगाई अधिकारियों की ‘क्लास’

पिथौरागढ़। विगत वर्ष आपदा मद से मिली धनकराशि को खर्च न करने पर जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल ने विभागीय अधिकारियों की ‘क्लास’ लगाई। 15 जुलाई तक अवशेष कार्यों को पूर्ण करने केनिर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने दैवीय आपदा मद से हुए कार्यों की समीक्षा करते हुए अब तक हुए कार्यों का उपयोगिता प्रमाण पत्र एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने के साथ ही 15 जुलाई तक पूरे होने वाले कामों का उपयोगिता प्रमाण पत्र 20 जुलाई तक प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कहा कि उपयोगिता प्रमाण पत्र उपलब्ध न कराने पर संबंधित अधिकारियों का वेतन रोक दिया जाएगा। बैठक में विभागीय अधिकारियों ने आपदा मद की योजनाओं की प्रगति की जानकारी जिलाधिकारी को दी।
डीएम ने डीडीहाट, धारचूला, गंगोलीहाट और मूनाकोट विकासखंडों में आपदा मद की धनराशि खर्च न होने पर नाराजगी प्रकट करते हुए 15 जुलाई तक बजट खर्च न होने पर मुख्य विकास अधिकारी डा. राघव लंगर को संबंधित अधिकारी, कर्मचारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी बीएल राना, डीआरडीए के परियोजना निदेशक नरेश कुमार समेत तमाम अधिकारी मौजूद थे।

Related posts