
चंपावत। जिले के सबसे दूरस्थ ककनई गांव में पुरानी पेयजल योजना की मरम्मत दिखाकर नई पेयजल योजना का धन खपाने का प्रयास किया जा रहा है। गांव के लोगों की शिकायत के बाद उपजिलाधिकारी डा. अभिषेक त्रिपाठी ने मामले की जांच का आदेश दे दिया है।
गांव के लोगों ने उपजिलाधिकारी को सौंपे ज्ञापन में कहा है कि ककनई गांव के लिए इस बार नई पेयजल योजना मंजूर हुई है। योजना निर्माण के टेंडर भी हो चुके हैं। अब ठेकेदार नई पेयजल योजना के निर्माण के बजाए पुरानी योजना की ही मरम्मत की तैयारी में है। पुरानी योजना 28 वर्ष पुरानी है। उसके पाइप गल चुके हैं। यह योजना विफल होने के कारण ही गांव के लोगों ने नई योजना की मांग उठाई थी। गांव के लोगों ने कहा है कि यदि नई पेयजल योजना का सर्वे के मुताबिक निर्माण न हुआ तो व्यापक विरोध किया जाएगा। उपजिलाधिकारी ने मामले की जांच का आदेश दिया है। उपजिलाधिकारी को ज्ञापन देने वालों में हयात सिंह, होशियार सिंह, तेज सिंह, मोहन सिंह, लक्ष्मण सिंह, ईश्वर सिंह समेत तमाम लोग शामिल थे।
