
रुद्रपुर। ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में छात्रा की गला दबाकर हुई हत्या का दो माह बाद भी खुलासा नहीं हो पाया है। जांच में पुलिस अंधेरे में हाथ पांव मार रही है।
16 अप्रैल को ट्रांजिट कैंप वार्ड नंबर दो, ई ब्लाक निवासी सपन डे की 15 वर्षीय पुत्री संध्या घर में अकेली थी। इसी बीच संदिग्ध हालात में उसकी जलकर मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में संध्या की मौत गला घोंटकर होने की पुष्टि हुई। इस पर ट्रांजिट कैंप चौकी इंचार्ज की तरफ से अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। साथ ही हत्या के खुलासे को टीम भी गठित की गई। खुलासे को पुलिस ने कई लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में भी लिया। लेकिन कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगा। घटना के दो माह बाद भी पुलिस हत्या के खुलासे को मात्र अंधेरे में ही हाथ पैर मार रही है। लेकिन खुलासे के नाम पर अब तक कोई खास सफलता नहीं मिली। कोतवाल राकेश चंद्र थपलियाल ने बताया कि छात्रा की हत्या के खुलासे का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा।
