बाइक सवारों ने राह चलते डाली डकैती

नई दिल्ली। कोतवाली इलाके में शनिवार रात बाइक सवार बदमाशों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स व्यवसायी पिता-पुत्र से पिस्तौल के बल पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश व्यवसायी का रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। बैग में साठ हजार रुपए थे। हालांकि मौके पर पिता-पुत्र ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों से मुकाबला किया। जिसकी वजह से एक बदमाश उनके शिकंजे में आ गया। जिसकी लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। पुलिस पकड़े गए बदमाश के जरिए फरार अपराधियों की तलाश में जुट गई है। पुलिस के अनुसार सतवीर सिंह सपरिवार वेस्ट विनोद नगर में रहते हैं। भागीरथ पैलेस में दीपक इलेक्ट्रॉनिक्स नाम से उनकी दुकान है। उनका 22 वर्षीय बेटा राजेश कुमार सिंह उनके साथ काम में हाथ बंटाता है। शनिवार रात करीब साढ़े नौ बजे दोनों पिता-पुत्र दुकान बंद कर बाइक से घर के लिए रवाना हुए। बाइक को सतवीर सिंह चला रहे थे जबकि बैग में 60 हजार नकदी और कागजात लेकर राजेश पीछे बैठा था। जैसे ही दरियागंज पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने के बाद दोनों गीता कालोनी फ्लाईओवर पर पहुंचे। पीछे से बाइक पर सवार दो युवकों ने उन्हें रूकने का इशारा किया। जब तक सतवीर ने बाइक रोकी, दो अन्य बाइकों पर सवार चार और बदमाश वहां पहुंच गए और लूटपाट करने लगे। दोनों पिता-पुत्र ने बदमाशों का मुकाबला किया। बावजूद बदमाश उससे नकदी से भरा बैग छीनकर फरार हो गए । हालांकि दोनों बाप-बेट ने मिलकर एक बदमाश को दबोच लिया। मौके पर पहुंचे अन्य लोगों ने पकड़े गये बदमाश की जमकर धुनाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। उसकी पहचान चौहान बांगर निवासी शहनवाज के रूप में हुई है। पुलिस को उसके पास से एक पिस्टल, तीन कारतूस और दो खंजर मिला है। पुलिस अन्य बदमाशों की तलाश कर रही है।

पिता-पुत्र के हौसले ने बदमाश को घुंटने टेकने पर किया मजबूर
छह-छह बदमाश और उनके हाथ में पिस्तौल देखने के बाद भी पिता-पुत्र का हौसला कम नहीं हुआ। दोनों ने जमकर बदमाशों का मुकाबला किया। इस दौरान बदमाशों ने पिता-पुत्र पर गोली भी चलाने की कोशिश की लेकिन गोली पिस्टल में फंस जाने की वजह से चल नही पाई। राजेेश के मुताबिक बदमाशों के इशारे पर उसके पिता ने बाइक रोक दी। एक बदमाश उनके पास आकर पिस्टल निकाल ली और नकदी हवाले करने के लिए कहा। हालांकि राजेश डरा नहीं। उसने बदमाश के हाथ पर हेलमेट दे मारा। हेलमेट लगते ही उसके हाथ से पिस्टल नीचे गिर गया और फिर राजेश ने उस बदमाश के पेट पर एक लात मार दी। जिससे वह बाइक पर जा गिरा। बदमाश के गिरते ही सतवीर सिंह ने उसकी पिस्टल उठा ली। इसी दौरान अन्य चार बदमाश पिस्टल निकालकर गोली चलाने की धमकी दी और गोली भी चलाई, लेकिन गोली पिस्टल में फंस गया। इधर सतवीर ने भी गोली चलाने की धमकी दी। लेकिन बदमाश राजेश को चारों तरफ से घेरकर उसके हाथ से बैग छीन लिया। अकेले बाइक पर गिरे बदमाश शहनवाज को सतवीर ने पिस्टल के बल पर कब्जे कर लिया।

Related posts