
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन फेज-तीन के नए कॉरिडोर में तीखे मोड़ पर मेट्रो दौड़ाने का रिकॉर्ड बनाएगी। सबसे लंबे कॉरिडोर मुकुंदपुर से शिवविहार (59 किमी) में हजरत निजामुद्दीन से शिव विहार के बीच 14 तीखे मोड़ हैं। आनंद विहार क्रॉसिंग, महाराजा सूरजमल मार्ग व त्रिलोकपुरी में सबसे अधिक घुमाव वाले स्पैन बनाए जा रहे हैं। इनका रेडियस महज 200 मीटर है, जबकि फेज-दो में अधिकतम घुमाव गुड़गांव में इफको चौक के पास 282 मीटर रेडियस का बनाया गया था। डीएमआरसी के अनुसार, लंबे कॉरिडोर के 25 किमी हिस्से में 14 तीखे घुमाव हैं। इसमें त्रिलोकपुरी, कल्याणवास, विनोद नगर, आईपी एक्सटेंशन, आनंद विहार, कड़कड़डूमा, वेलकम, सीलमपुर, जाफराबाद व मौजपुर में भीड़भाड़ वाले इलाके के बीच निर्माण कार्य किया जा रहा है। सीलमपुर कॉर्नर, वेलकम मेट्रो स्टेशन से पहले, स्वामी दयानंद मार्ग, आनंद विहार रेलवे ट्रैक कॉसिंग, आईपी एक्सटेंशन में जोगर्स पार्क के ऊपर, एनएच-24 पर डीटीसी डिपो के पास, लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल के सामने, त्रिलोकपुरी 15 ब्लॉक में तीखे घुमाव बनाए जाएंगे। डीएमआरसी प्रवक्ता के अनुसार, शहरी रेल निर्माण में 300 मीटर से कम रेडियस वाले घुमाव को तीखे घुमाव की श्रेणी में रखा जाता है। ऐसे निर्माण में अधिक इंजीनियरिंग कौशल की जरूरत होती है। यही वजह है कि डीएमआरसी ने इन तीखे मोड़ को तैयार करने में लगाए जाने वाले स्पैन तैयार करने के लिए विशेष ढलाई यार्ड में समर्पित क्षेत्र बनाने पड़े हैं।
