
नई दिल्ली। राजधानी में रविवार को हुई बारिश ने विभागों के दावों की पोल खोल दी। नई दिल्ली, पुरानी दिल्ली, उत्तरी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली की एक भी ऐसी सड़क नहीं थी, जहां पानी न भरा हो। नालों में पानी ओवरफ्लो हो गया।
राजधानी में रविवार को तमाम इलाकों की सड़कों एवं गलियों में इतना पानी जमा हो गया कि लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो गया। इस दौरान वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे बुरी स्थिति सिविक सेंटर के पास जाकिर हुसैन कॉलेज के सामने, तिलक ब्रिज, राजघाट के पास, कोड़िया पुल, आईएसबीटी और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पास रही। तीनों नगर निगम के पास लोगों ने सौ से अधिक जगह जलभराव होने की शिकायतें दर्ज कराईं। सबसे अधिक शिकायतें पूर्वी और उत्तरी दिल्ली के इलाकों से मिलीं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के कॉल सेंटर में करीब 45 जगह पानी भरने की शिकायतें पहुंचीं, जबकि उत्तरी दिल्ली नगर निगम के कंट्रोल रूम में 40 शिकायतें आईं। वहीं, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के कंट्रोल रूम में 20 शिकायतें दर्ज हुईं।
खेड़ा में सात सौ घरों में भरा पानी
पूर्वी दिल्ली के खेड़ा गांव एवं उसके साथ बसी कॉलोनी पूरी तरह जलमग्न हो गई। यहां मकानों तक में पानी घूस गया। स्थानीय विधायक वीर सिंह धींगान ने भी कई बार संबंधित अधिकारियों से बात की लेकिन उनकी भी किसी ने नहीं सुनी।
जवाहर लाल नेहरू मार्ग : जाकिर हुसैन कॉलेज के सामने रामलीला मैदान के पास सड़क पर पानी जमा हो गया। यहां डीटीसी की लो फ्लोर बसों में भी पानी घूस गया।
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन : अजगेरी गेट की ओर स्टेशन की तमाम सड़कों पर एक फुट से अधिक पानी जमा हो गया। नई दिल्ली आए यात्री स्टेशन से बाहर नहीं निकल सके। कुछ लोग पानी के बीच से निकलकर बस स्टॉप तक पहुंचे।
कौड़िया पुल : लालकिला के पास कौड़िया पुल के नीचे भी पानी भर गया। बारिश के दौरान पुल के नीचे कई कारें पानी में फंस गईं।
रिंग रोड : राजघाट के पास रिंग रोड पर भी गत वर्षों की भांति जलभराव हुआ। इस दौरान वाहन चालकों को काफी दिक्कतें हुईं।
आईटीओ : तिलक ब्रिज के नीचे एवं प्यारे लाल भवन के सामने भी पानी जमा हो गया। यहां एक दर्जन से अधिक वाहन पानी में फंस गए।
आईएसबीटी : कश्मीरी गेट मेट्रो स्टेशन के नीचे भी अन्य पुलों की भांति पानी जमा हुआ। यहां हल्की सी बारिश में पानी जमा हो जाता है। ज्यादा पानी जमा हो जाने से वाहनों का आवागमन लगभग बंद सा रहा।
यहां हुआ जलभराव
आईटीओ चौक, कौड़िया पुल, कश्मीरी गेट, दिल्ली गेट, चांदनी चौक, तीस हजारी, निगम बोध घाट, आईपी फ्लाई ओवर, आईपी डिपो, टाउन हाल के सामने, कमला मार्केट, सीताराम बाजार, दरियागंज, नई दिलली रेलवे स्टेशन, मलका गंज, तीस हजारी कोर्ट के सामने, आजाद मार्केट, सदर बाजार, करावल नगर, गीता कॉलोनी, गाजीपुर, भगवानपुर खेड़ा गांव, आरकेपुरम, वसंत विहार, नेब सराय, जखीरा फ्लाई ओवर के नीचे, मालवीय नगर, साकेत, हौज खास, पंचशील पार्क, सफदरजंग एंक्लेव, पुष्प विहार, जीबी रोड, इंद्रपुरी, मधुबन चौक, रोहिणी, अशोक विहार, रिठाला, वजीरपुर अंडरपास, शालीमार बाग, त्रिनगर, वजीरपुर और मॉडल टाउन।
