धोखाधड़ी में तेल कंपनियों के दो डायरेक्टर गिरफ्तार

नई दिल्ली। आर्थिक अपराध शाखा ने फर्जी कागजात के जरिये इंडस्ट्रीयल फाइनेंस कारपोरेशन ऑफ इंडिया से पांच करोड़ लोन लेने वाले दो कंपनी के दो डायरेक्टरों को नागपुर से गिरफ्तार किया है। कंपनी सोया का तेल बनाकर उसे बेचने और खरीदने का काम करती है। शाखा के संयुक्त आयुक्त संदीप गोयल ने बताया कि, गत वर्ष अगस्त माह में इंडस्ट्रीयल फाइनेंस कारपोरेशन ऑफ इंडिया (आईएफसीआई ) ने महाराष्ट्र की कंपनी मवेन इंडस्ट्रीयल लिमिटेड के डायरेक्टर अशोक कुमार राठी पर धोखाधड़ी से पांच करोड़ रुपये का लोन लेने की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में बताया गया कि अशोक कुमार ने जायस ऑयल ट्रेड प्राइवेट लिमिटेड को सोया तेल सप्लाई करने की बात कहकर पांच करोड़ 90 लाख का बिल दिया और इंडस्ट्रीयल फाइनेंस कारपोरेशन ऑफ इंडिया से आर्थिक मदद करने का आवेदन किया। जांच के दौरान पता चला कि कंपनी ने जो ट्रांसपोर्ट का बिल पेश किया था वह फर्जी है। जांच के दौरान यूको बैंक ने अशोक राठी की फैक्टरी को लोन चुकता नहीं करने पर सील कर दिया। उसके बाद से अशोक फरार हो गया। पुलिस ने अशोक को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही पुलिस ने दूसरी कंपनी जॉयस ऑयल प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर विजय को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में पता चला कि विजय ने अशोक को फर्जी कागजात देने में मदद की।

Related posts