चाकू से गोदकर व्यवसायी की हत्या

नई दिल्ली। जीटीबी एन्क्लेव इलाके में शनिवार देर रात बुजुर्ग लोहा व्यवसायी की घर में घुसकर चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मृतक की शिनाख्त हाजी जमीर अली (55) के रूप में हुई है। उनका शव कमरे की बालकनी में पड़ा हुआ मिला। हत्या के समय व्यवसायी का परिवार ग्राउंड फ्लोर पर सो रहा था। पुलिस पूरे मामले को संदिग्ध बता रही है। हालांकि कुछ समय पूर्व व्यवसायी के बदायूं स्थित गांव में दो लोगों की हत्या हुई थी। उसमें परिवार का नाम आया था। पत्नी समेत परिवार के अन्य लोगों से पूछताछ कर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस की एक टीम बदायूं भी रवाना कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से बदायूं के रमजानपुर निवासी हाजी जमीर अली परिवार के साथ 1293, जनता फ्लैट, जीटीबी एन्क्लेव इलाके में रहते थे। इनके परिवार में पत्नी गुड्डी, दो बेटे और दो बेटियां हैं। जमीर की दिलशाद गार्डन इलाके में आयरन शीट की दुकान है। परिवार के मुताबिक, देर रात करीब 12.30 बजे बेटे साजिद के साथ वह दुकान पर माल उतरवाकर घर पहुंचे। इसके बाद करीब 1.00 बजे खाना खाकर वे पहली मंजिल के अपने कमरे में सोने के लिए चले गए। पत्नी और बच्चे नीचे लेट गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि, करीब 2.15 बजे मकान में उन लोगों ने कुछ आवाज सुनी। देखने पर पता चला कि घर का दरवाजा बाहर से बंद था।
शक होने पर परिवार के लोगों ने पास में रहने वाले रिश्तेदार असलम को फोन कर बाहर का दरवाजा खुलवाया। इस बीच बेटे ने पिता के कमरे में जाकर देखा तो पिता बालकनी में खून से लथपथ पड़े थे। उनकी मौके पर मौत हो चुकी थी। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि जमीर के कमरे में जाने का रास्ता घर के भीतर से से ही है। इसके अलावा जांच में पता चला कि जमीर के कमरे के अलावा घर में कहीं कोई लूटपाट या चोरी नहीं हुई है। इस आधार पर पुलिस परिवार के लोगों से पूछताछ कर पता लगाने का प्रयास कर रही है। पुलिस गांव की रंजिश के अलावा अन्य दृष्टिकोण से भी मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts