
नई दिल्ली। आत्मदाह का प्रयास करने वाले बुलंदशहर निवासी महविश के जेठ यूसुफ की रविवार को दिल्ली के लोकनायक अस्पताल में मौत हो गई। पांच दिन से यूसुफ का इलाज दिल्ली के अस्पताल में चल रहा था। पहले यूसुफ को सफदरजंग ले जाया गया था, लेकिन वहां से लोकनायक अस्पताल के बर्न विभाग में रेफर कर दिया गया था। मृतक यूसुफ के भाई यूनुस ने बताया कि शाम करीब साढ़े पांच बजे मौत हो गई। यूनुस का कहना है कि भर्ती के समय डॉक्टरों ने कहा था कि 72 घंटे काफी अहम हैं, जो कि शनिवार को पूरे हो गए थे। यह अवधि निकलने के बाद कुछ उम्मीद जगी थी, लेकिन रविवार शाम यूसुफ की मौत हो गई। अस्पताल की चिकित्सा अधीक्षक डॉ. ऋचा दीवान का कहना है कि यूसुफ को 90 प्रतिशत से अधिक जली हुई हालत में भर्ती कराया गया था। हालत काफी गंभीर थी। इस स्थिति में मरीज को बचा पाना बहुत मुश्किल होता है।
