सतौन में बनी बारिश के पानी की झील

सतौन (सिरमौर)। भारी बारिश के चलते सतौन पंचायत क्षेत्र का करीब 30-40 फीसदी हिस्सा रविवार तड़के जलमग्न हो गया। यहां पिछले 48 घंटों से भीषण वर्षा का कहर जारी है। वर्षा तथा मलबा-गाद से क्षेत्र में व्यापक नुकसान होने की खबर है। सतौन के एक हिस्से में वर्षा का भारी पानी जमा होने से कृत्रिम झील बन गई है। लगातार बारिश से झील के फटने का खतरा बढ़ गया है। यदि ऐसा होता है तो सतौन क्षेत्र का एक बड़ा भू भाग भूमि कटाव की चपेट में आ जाएगा। क्षेत्र के औद्योगिक इलाकों में भी भारी नुकसान हुआ है। यहां लाखों का तैयार माल बर्बाद हो गया है। कई रिहायशी इलाकों में मलबा तथा पानी घुसने से मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सड़कें तथा संपर्क मार्ग टूट गए हैं। कामकाजी महिलाएं तथा स्कूली बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कई अभिभावकों ने अपने बच्चों को स्कूल भेजने से मना कर दिया है।
सतौन इलाका पूरी तरह ढलान पर स्थित है। इसके चलते वर्षा का बहाव उद्योग क्षेत्रों की ओर हो गया है। हालात ये हो गए हैं कि लोग घरों में पानी घुसने के भय से रातें छतों पर गुजार रहे हैं।
इससे पूर्व सतौन पंचायत के प्रधान रजनीश चौहान ने वर्षा से हुए व्यापक नुकसान पर चिंता जताई है। उन्होंने बताया कि पिछले 20 वर्षों से क्षेत्र का मास्टर प्लान बनाकर भेजा जा रहा है, लेकिन सरकार इस ओर ध्यान नहीं दे रही। तहसीलदार पांवटा को भी इस क्षेत्र की रिपोर्ट पूर्व में भेजी जा चुकी है।

Related posts