
रामपुर बुशहर। यहां अयोध्यानाथ मंदिर परिसर में रविवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की बैठक हुई। इंटक इकाई रामपुर के अध्यक्ष कुशाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं पर मंथन किया गया। इंटक अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को जागरूक करते हुए अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि जल्द इंटक की प्रदेश स्तरीय इकाई की बैठक हो रही है, जिसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। समस्याओं के समाधान के लिए इंटक पदाधिकारी मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कर्नल धनी राम शांडिल से भी मिलेंगे। इस दौरान इंटक महासचिव आशीष शर्मा, यूथ इंटक अध्यक्ष संजय कायथ ने भी महिलाओं को जागरूक किया। बैठक में रामपुर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका की कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें अंजू शर्मा को प्रधान, सीमा वर्मा को महासचिव और रमिला चौहान, मीरा चौहान, चंदा देवी, ममता, निशा देवी, कमला मेहता को सदस्य चुना गया।
