
रामपुर बुशहर। स्टेट विजिलेंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो के दल ने शनिवार को शिमला के लक्कड़ बाजार में कार छुड़ाने की एवज में 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़े एएसआई को कोर्ट ने तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। यहां आरोपी से पूछताछ की जा रही है। आरोपी को रिमांड पर भेजने की पुष्टि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश रतन ने की है। एएसआई मोहन लाल पुलिस पोस्ट सैंज में बतौर प्रभारी तैनात था, जहां कुछ माह पहले चरस के साथ एक कार को कब्जे में लिया था। लेकिन अब उक्त आरोपी ने कार को छुड़ाने की एवज में पार्टी से 50 हजार रुपये की मांग की थी। इसके बाद मामला 40 हजार रुपये पर आकर तय हुआ। इसके बाद कार के मालिक ने इसके बारे में विजिलेंस को सूचना दी। सूचना के आधार पर विजिलेंस ने पूरी योजना के अनुसार आरोपी को शिमला के लक्कड़ बाजार से रिश्वत के पैसों के साथ गिरफ्तार किया। विजिलेंस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतीश रतन ने बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया था, जहां से आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि आरोपी से गंभीरता से पूछताछ की जा रही है।
