
रुद्रप्रयाग। स्थानीय निवासियों के विरोध की वजह से केदारनाथ धाम के लिए दूसरे दिन भी हवाई सेवाएं ठप रही। हवाई सेवा के विरोध में अनशन पर बैठे लोगों को मनाने पहुंचे एसडीएम और सीओ की आंदोलनकारियों के साथ प्रथम दौर की वार्ता विफल रही। अनशनकारियों ने मांग पूरी होने तक अनशन जारी रखने की चेतावनी दी।
वहीं एक अनशनकारी जिला पंचायत सदस्य केशव तिवारी को उच्च रक्तचाप की शिकायत हो गई। दिन में प्रशासन ने स्वास्थ्य को देखते हुए उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन उनके समर्थकों ने विरोध कर दिया। इधर, लगातार दो दिन से चॉपरों के नहीं उड़ने से एवीएशन कंपनियों को लगभग एक करोड़ 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। कंपनियां बुकिंग कराने वालों के टिकट रद्द कर रुपये वापस लौटा रही हैं। वहीं कई यात्री केदारनाथ यात्रा के बजाय बदरीनाथ जा रहे हैं।
हवाई सेवा और प्रस्तावित केदारनाथ विकास प्राधिकरण के विरोध में जिला पंचायत सदस्य तिवाड़ी और पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अवतार नेगी 12 मई से केदारनाथ हैलीपैड से पचास मीटर दूर आमरण अनशन पर बैठ गए थे। 14 मई से दोनों अनशनकारियों ने हैलीपैड पर बैठते हुए हवाई सेवाएं बाधित कर दी।
शनिवार को आंदोलनकारियों से वार्ता करते हुए पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने अनशन तोड़ने की अपील की। प्रशासन का कहना था कि हवाई सेवा की अनुमति शासन से मिलती है। शासन तक बात पहुंचा दी गई है, लेकिन आंदोलनकारी नहीं माने।
शासन केदारनाथ तक सड़क निर्माण करे या हवाई सेवा बंद करे। हेली कंपनियां जब नियमों का उल्लंघन कर सकती हैं, तो सड़क के नियमों का उल्लंघन क्यों नहीं हो सकता। -केशव तिवाड़ी, अनशनकारी
आंदोलनकारियों से वार्ता हुई थी। वह नहीं माने। अनशनकारियों को मेडिकल चेकअप कराया गया है। तिवाड़ी का बीपी बढ़ा हुआ है। डॉक्टर की सलाह पर अगला कदम उठाया जाएगा। -राकेश तिवारी, एसडीएम ऊखीमठ
