माफिया के खिलाफ आंदोलन करेगी भाकपा माले

बागेश्वर। भाकपा माले की केंद्रीय कमेटी के सदस्य राजा बहुगुणा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि आशा वर्कर संगीता मलड़ा की हत्या के मामले को किसी भी कीमत पर नजर अंदाज नहीं किया जा सकता। 30 जून को बागेश्वर में राज्य स्तरीय गोष्ठी होगी। जिसमें वाम और लोकतांत्रिक ताकतें संगीता की शहादत और जन आंदोलन की दिशा विषय पर चर्चा करेंगी। पूरे प्रदेश में माफिया और राजनेताओं के गठजोड़ के खिलाफ आंदोलन खड़ा करने के प्रयास किए जाएंगे।
यहां पर्यटक आवास गृह में पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि संगीता मलड़ा मंडलसेरा में अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं के आंदोलन का नेतृत्व कर रही थीं। उन्होंने पुलिस प्रशासन को शराब बेचने वालों के नाम तक बताए थे। महिलाएं शराब तस्करों से खौफजदा थीं। उन्होंने कहा कि संगीता के आंदोलन से परेशान शराब तस्करों ने उसकी हत्या कर दी। संगीता वह काम कर रही थी जिसे पुलिस को करना चाहिए था। इसके बावजूद पुलिस ने उसे सुरक्षा देने के बजाए शराब बेचने वालों को बचाने का ही प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि संगीता की मौत के बाद क्षेत्र के तमाम छोटे-बड़े जन प्रतिनिधियों और अधिकारियो ने उसके घर पर जाना तक मुनासिब नहीं समझा। पुलिस ने आत्महत्या का मामला दर्ज कर इतिश्री कर ली। किंतु उसके घर से फिंगर प्रिंट तथा तमाम अन्य साक्ष्य जुटाने की कोशिश नहीं की। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी मौके पर नहीं गए। मातहतों की रिपोर्ट को ही वह सच मान रहे हैं। श्री बहुगुणा ने कहा कि भाकपा माले 26 जून को आपातकाल दिवस के मौके पर लोकतंत्र बचाओ, उत्तराखंड बचाओ दिवस मनाएगी। मजदूरों, किसानों के दमन के खिलाफ आवाज उठाई जाएगी। 30 जून को संगीता की शहादत और जन आंदोलन की दिशा विषय पर राज्य स्तरीय गोष्ठी होगी। उन्होंने पुंगरघाटी आंदोलन को समर्थन व्यक्त किया। शिक्षकों और संविदा कर्मियों के आंदोलनों को मजबूती देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर जगत मर्तोलिया आदि भी उपस्थित थे।

Related posts